तेजीबाजार थाना क्षेत्र के कान्हापुर गांव में सनसनी, पत्नी की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा
आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। तेजीबाजार थाना क्षेत्र के कान्हापुर गांव में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 61 वर्षीय बुजुर्ग का शव खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। मृतक की पहचान कान्हापुर स्थित चौबान बस्ती निवासी अशोक मिश्रा के रूप में हुई है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि उनकी हत्या कर शव को जलाने का प्रयास किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर तेजीबाजार पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के अनुसार अशोक मिश्रा गुरुवार से घर से बाहर थे। शुक्रवार सुबह खेत में उनका शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। शव की हालत देखकर लोगों ने हत्या की आशंका जताई। मामले को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
इस संबंध में मृतक की पत्नी इसरावती मिश्रा की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। तेजीबाजार थानाध्यक्ष सतेंद्र भाई पटेल ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। जांच के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर लक्ष्मी नारायण और शकुंतला देवी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायालय भेजते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है।
