बदलापुर तहसील के सिंगरामऊ क्षेत्र में दिनदहाड़े वारदात से दहशत, पुराने विवाद की आशंका
आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जिले के बदलापुर तहसील अंतर्गत सिंगरामऊ थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब सैलून में बैठे एक युवक पर बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना में युवक की जान बाल-बाल बच गई, लेकिन इलाके में दहशत का माहौल फैल गया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश देखा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामीपुर गांव निवासी आशीष मिश्रा मेढ़ा मोड़ स्थित एक सैलून में शेविंग करा रहे थे। इसी दौरान दो युवक बाइक से वहां पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों हमलावरों ने चेहरे ढक रखे थे। सैलून के बाहर रुकते ही उन्होंने अचानक आशीष मिश्रा को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि पहली गोली युवक के बेहद करीब से गुजरते हुए सैलून की दीवार में जा धंसी, जबकि दूसरी गोली भी निशाना चूक गई। अचानक चली गोलियों की आवाज से सैलून में अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घटना के बाद आशीष मिश्रा ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके की तरफ दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर बाइक से रतासी बाजार की दिशा में फरार हो चुके थे। सूचना मिलते ही डायल 112 और सिंगरामऊ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
थाना प्रभारी सैय्यद हसनैन मुंतजार ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला किसी पुराने विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। घटना के बाद इलाके में पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई है।
.jpeg)