आमिर, देवल ब्यूरो ,मछलीशहर । जौनपुर मछलीशहर कस्बे के इलाहाबाद रोड स्थित खजुरहट गांव में रविवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक होटल में चल रही संदिग्ध गतिविधियों का खुलासा किया। छापेमारी के दौरान होटल से 8 युवक-युवतियों को संदिग्ध परिस्थितियों में हिरासत में लिया गया। कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार खजुरहट स्थित होटल आयुष को लेकर स्थानीय स्तर पर काफी समय से अनैतिक गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। क्षेत्रीय लोगों द्वारा लगातार शिकायत किए जाने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गोपनीय जांच शुरू कराई। जांच में संदिग्ध गतिविधियों के संकेत मिलने पर रविवार को नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव की मौजूदगी में पुलिस टीम ने होटल पर अचानक छापा मार दिया।
छापेमारी के दौरान होटल के अलग-अलग कमरों से युवक और युवतियां संदिग्ध अवस्था में मिलीं। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर मछलीशहर कोतवाली पहुंचाया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस होटल के रजिस्टर, पहचान पत्रों और अन्य दस्तावेजों की भी जांच कर रही है, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।
कार्रवाई के दौरान होटल परिसर के बाहर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए। क्षेत्र में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि होटल में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी, लेकिन अब जाकर प्रशासन ने प्रभावी कार्रवाई की है।
पुलिस अब होटल संचालक और प्रबंधन की भूमिका की भी गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में होटल प्रबंधन की संलिप्तता सामने आती है तो संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध और अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
.jpeg)