‘इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड’ में दर्ज हुए दो नए कीर्तिमान
कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।अंबेडकरनगर जनपद की सभी 899 ग्राम पंचायतों में शुक्रवार सुबह 9 से 10 बजे तक एक साथ ग्रीन चौपाल का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने का प्रस्ताव पारित कर जनपद ने दो नए राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं।जिलाधिकारी के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम को ‘अधिकतम ग्राम पंचायतों द्वारा एक साथ आयोजित ग्रीन चौपाल जागरूकता कार्यक्रम’ और ‘सबसे कम समय में सबसे बड़ा ग्रीन चौपाल जागरूकता कार्यक्रम’ के रूप में इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है।ग्रीन चौपाल के दौरान ग्राम प्रधानों ने पेट्रोल और डीजल की खपत घटाने का संकल्प लिया। सभी पंचायतों ने सार्वजनिक परिवहन, कार पूलिंग, इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग और हरित परिवहन को बढ़ावा देने का प्रस्ताव पास किया। कार्यक्रम में वृक्षारोपण, जल संरक्षण, गो-संरक्षण, स्वच्छता, जैविक खेती, सौर ऊर्जा, पराली न जलाने और कचरा प्रबंधन जैसे मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्री-मानसून तैयारियों को 30 जून तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया।प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत की दिशा में ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रभावी संदेश पहुंचाने वाली सराहनीय पहल है। उन्होंने जनता से व्यक्तिगत स्तर पर पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और हरित परिवहन अपनाने की अपील की।यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के पर्यावरण संरक्षण तथा ऊर्जा बचत के आह्वान को जन-जन तक पहुंचाने में मील का पत्थर साबित हुआ है।
