आमिर, देवल ब्यूरो ,ख़ेतासराय। जौनपुर जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खेतासराय पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना खेतासराय पुलिस टीम ने गोली मारकर की गई हत्या के मामले में वांछित और इनामिया अभियुक्तों को शरण देने तथा उन्हें फरार कराने में सहयोग करने वाले 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देश पर चलाई जा रही विशेष मुहिम के तहत की गई। अभियान का संचालन अपर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी शाहगंज के पर्यवेक्षण में किया गया।
पुलिस के अनुसार थाना खेतासराय में दर्ज मुकदमा संख्या 90/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या के मामले में शामिल मुख्य आरोपी अभी फरार हैं, जिन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। जांच के दौरान यह सामने आया कि कुछ स्थानीय लोग इन आरोपियों को सोंगर मोड़ स्थित कब्रिस्तान के पास शरण दे रहे थे और उन्हें भागने में मदद कर रहे थे।
इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना खेतासराय में मुकदमा संख्या 91/2026 धारा 253, 212, 132, 109, 191(2), 191(3), 190 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम: रामजीत विन्द, आदित्य गौतम, कमलेश यादव, गुलशन राजभर, साहिल राजभर, सचिन राजभर, शोले राजभर और बृजमोहन विन्द।
पुलिस टीम की भूमिका: इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई। टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक मोहम्मद तारिक अंसारी, उपनिरीक्षक संजय कुमार पाण्डेय सहित कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं फरार मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है।
पुलिस का संदेश: पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों को शरण देने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
