कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन में चल रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत जनपद के परिवार परामर्श केंद्र ने एक बार फिर सराहनीय कार्य किया है। मंगलवार, 6 मई 2026 को केंद्र में आए 5 प्रकरणों में पति-पत्नी के बीच चल रहे पारिवारिक विवादों को सुलझाते हुए सभी जोड़ों को आपसी सहमति से राजी-खुशी साथ रहने के लिए विदा किया गया।परिवार परामर्श केंद्र में प्राप्त 5 प्रार्थना पत्रों पर विस्तृत सुनवाई और काउंसलिंग सत्र आयोजित किए गए। दोनों पक्षों तथा उनके परिवारीजनों को बुलाकर अलग-अलग एवं संयुक्त रूप से विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। काउंसलिंग के दौरान पति-पत्नी के बीच के मनमुटाव, गलतफहमियों और पारिवारिक मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श हुआ। परामर्श केंद्र की सकारात्मक और संवेदनशील पहल से सभी 5 जोड़ों के बीच आपसी समझ बनी और सुलह-समझौता हो गया। काउंसलिंग के पश्चात सभी दंपत्ति खुशी-खुशी एक-दूसरे के साथ घर जाने को तैयार हुए। सुलह के बाद दंपत्तियों और उनके परिवारीजनों ने अम्बेडकरनगर पुलिस प्रशासन का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि परिवार परामर्श केंद्र ने उनके रिश्ते को टूटने से बचाया और नई शुरुआत का मौका दिया।यह कार्यवाही परिवार परामर्श केंद्र की प्रभारी उ0नि0 शिवांगी त्रिपाठी तथा महिला आरक्षी पूनम शर्मा व मोहिनी मिश्रा द्वारा कुशलतापूर्वक संपन्न कराई गई।पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य सिर्फ कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि समाज की बुनियाद यानी परिवार को मजबूत बनाना भी है। परिवार परामर्श केंद्र द्वारा निरंतर किए जा रहे ऐसे प्रयास जिले में पारिवारिक सद्भाव बढ़ाने और महिलाओं के हितों की रक्षा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
मिशन शक्ति का सकारात्मक प्रभाव- अम्बेडकरनगर में 5 विवाहित जोड़ों का पारिवारिक विवाद सुलझा, खुशी-खुशी हुई विदाई
मई 06, 2026
0
Tags
