आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहे नाथ निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), महरूपुर ने एक बार फिर जिले के युवाओं को रोजगार दिलाने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। संस्थान में आयोजित कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में 50 से अधिक प्रशिक्षार्थियों का चयन प्रतिष्ठित ऑटोमोबाइल कंपनी में हुआ है। इस सफलता से चयनित छात्रों, उनके अभिभावकों और संस्थान परिवार में उत्साह का माहौल है।
संस्थान परिसर में आयोजित चयन प्रक्रिया में बड़ी संख्या में आईटीआई उत्तीर्ण एवं प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्रों ने भाग लिया। कंपनी के अधिकारियों ने अभ्यर्थियों की तकनीकी दक्षता, कार्य क्षमता और साक्षात्कार के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच 50 से अधिक युवाओं ने सफलता हासिल कर रोजगार पाने का अवसर प्राप्त किया।
चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए संस्थान के प्रबंधक देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में तकनीकी शिक्षा युवाओं के भविष्य को नई दिशा दे रही है। संस्थान का प्रयास है कि छात्रों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण के साथ-साथ रोजगार के बेहतर अवसर भी उपलब्ध कराए जाएं, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।
प्रधानाचार्य करुण शंकर सिंह ने कहा कि छात्रों की यह सफलता उनकी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने बताया कि संस्थान में समय-समय पर विभिन्न राष्ट्रीय एवं बहुराष्ट्रीय कंपनियों के सहयोग से कैंपस प्लेसमेंट कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे ग्रामीण एवं पिछड़े क्षेत्रों के युवाओं को भी रोजगार के अवसर मिल सकें।
उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले दिनों में कई अन्य प्रतिष्ठित कंपनियों के कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे। इससे जिले के अधिक से अधिक युवाओं को अपने क्षेत्र में ही रोजगार पाने का अवसर मिलेगा।
कैंपस चयन में सफलता पाने वाले छात्रों ने संस्थान के शिक्षकों और प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यहां मिले प्रशिक्षण और मार्गदर्शन ने उन्हें रोजगार हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इस उपलब्धि ने नाथ निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान को जिले में तकनीकी शिक्षा और रोजगार उपलब्ध कराने वाले अग्रणी संस्थानों की श्रेणी में एक बार फिर मजबूती से स्थापित कर दिया है।
