आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी ने की, जबकि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।
बैठक में त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि पर्व से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने नगर निकायों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कुर्बानी स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए तथा अपशिष्ट पदार्थों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। वहीं विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने और जल संस्थान को पेयजल व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि ईद-उल-अजहा का पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है। सभी लोग परंपराओं और नियमों का पालन करते हुए त्योहार मनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी तथा शासन द्वारा प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पूर्ण रूप से वर्जित रहेगी। इसके साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और अफवाहों पर नजर रखने के निर्देश भी दिए गए।
सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भ्रामक, भड़काऊ अथवा आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि सामाजिक सौहार्द प्रभावित न हो।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बैठक में कहा कि त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस विभाग की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा निरंतर गश्त की व्यवस्था रहेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या समस्या की जानकारी तत्काल स्थानीय थाना अथवा पुलिस अधिकारियों को दें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, धर्मगुरु एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का संकल्प लिया।
.jpeg)