आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए नाथ निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), महरूपुर से बड़ी खुशखबरी सामने आई है। संस्थान में आयोजित कैंपस सेलेक्शन कार्यक्रम में 50 से अधिक प्रशिक्षार्थियों का चयन प्रतिष्ठित कंपनी में हुआ, जिससे चयनित युवाओं और उनके परिजनों में खुशी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, हीरो मोटर कंपनी के लिए आयोजित कैंपस चयन प्रक्रिया में बड़ी संख्या में आईटीआई प्रशिक्षार्थियों ने भाग लिया। लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के बाद 50 से अधिक युवाओं का चयन किया गया। चयन की सूचना मिलते ही छात्रों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
संस्थान के प्रबंधक देवेंद्र प्रताप सिंह तथा प्रधानाचार्य करुण शंकर सिंह ने चयनित प्रशिक्षार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल तकनीकी शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना भी है।
उन्होंने बताया कि आने वाले समय में और भी बड़ी कंपनियां कैंपस प्लेसमेंट के लिए संस्थान में पहुंचेंगी, जिससे जौनपुर और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को अपने जिले में ही रोजगार पाने का अवसर मिलेगा।
कैंपस सेलेक्शन की इस सफलता से छात्रों, अभिभावकों और संस्थान परिवार में उत्साह का माहौल है। चयनित युवाओं ने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों के मार्गदर्शन और संस्थान द्वारा दिए गए प्रशिक्षण को दिया।
