देवल संवाददाता, बलिया नगर विधानसभा क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर पूर्व मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ल के प्रतिनिधि अंजनी पांडे ने शुक्रवार को जिलाधिकारी और अधीक्षण अभियंता को अलग-अलग पत्र सौंपे।
पत्र में कहा गया कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बढ़ती बिजली मांग, अत्यधिक लोड और तकनीकी खराबियों के कारण लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
अंजनी पांडे ने ग्रामसभा दुबहड़ के ग्राम डुमरी में 132/33 केवीए और 33/11 केवीए के नए विद्युत उपकेंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव रखा।
उन्होंने कहा कि इससे रघुनाथपुर उपकेंद्र से ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सुचारू हो सकेगी।
इसके अलावा, बांसडीह रोड क्षेत्र में भी 33/11 केवीए का नया विद्युत उपकेंद्र स्थापित करने की मांग की गई है, जिससे टकरसन, फुलवरिया और दवनी क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
जर्जर तार और ट्रॉली बदलने की मांग
पत्र में विद्युत उपकेंद्र टकरसन की जर्जर ट्रॉली और 11 केवीए के पुराने तारों के नवीनीकरण की भी मांग की गई है।
इसके साथ ही हल्दी, भरसौता, सुल्तानपुर, परसिया, हंसनगर, नंदपुर, उदवंत छपरा, नेम छपरा, राजपुर एकौना, बजरहां, चैनछपरा, पिंडारी, वसुधरपाह, पुरास, रोह, सराक और चंदवक सहित कई ग्राम समूहों में नया 33/11 केवीए उपकेंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव दिया गया है।
हनुमानगंज उपकेंद्र से आपूर्ति विस्तार का प्रस्ताव
हनुमानगंज उपकेंद्र से संचालित बिजली आपूर्ति को धरहरा, धर्मपुरा और कुम्हला ग्राम समूहों तक विस्तारित करने की भी मांग की गई है।
अंजनी पांडे ने शासन को प्रस्ताव भेजकर इन सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराने और निर्धारित 18 से 24 घंटे की बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश देने की अपील की है।
