हीट वेव से बचाव एवं श्रमिक कल्याण योजनाओं के प्रति भी किया गया जागरूक
कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया के निर्देश पर श्रम विभाग द्वारा आज विकासखंड रामनगर अंतर्गत ग्राम पंचायत सैदपुर रसीदपुर तथा विकासखंड टांडा अंतर्गत ग्राम पंचायत महमूदपुर सबुकपुर में उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु दो विशेष कैंपों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
आयोजित कैंपों के माध्यम से जीरो पॉवर्टी अभियान के अंतर्गत आच्छादित परिवारों के श्रमिकों का पंजीयन तथा बोर्ड में पंजीकृत श्रमिकों की फैमिली आईडी निर्माण की कार्यवाही संपन्न कराई गई। इस दौरान जीरो पॉवर्टी श्रेणी के 37 श्रमिकों सहित कुल 45 श्रमिकों का पंजीयन किया गया तथा श्रमिक परिवारों की फैमिली आईडी बनाई गई।
कैंप में उपस्थित श्रमिकों एवं उनके परिजनों को विभाग द्वारा संचालित विभिन्न हितकारी योजनाओं, पात्रता मानकों, पंजीयन प्रक्रिया एवं उपलब्ध कराए जाने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही वर्तमान मौसम में बढ़ती गर्मी एवं हीट वेव को दृष्टिगत रखते हुए श्रमिकों को बचाव संबंधी आवश्यक सावधानियों, पर्याप्त जल सेवन, धूप से बचाव तथा स्वास्थ्य सुरक्षा उपायों के प्रति भी जागरूक किया गया।
श्रम विभाग द्वारा बताया गया कि श्रमिकों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से विभाग निरंतर जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं अधिकाधिक पात्र श्रमिकों को लाभान्वित कराने हेतु प्रतिबद्ध है।
सहायक श्रमायुक्त ने बताया कि इसी प्रकार प्रतिदिन श्रम विभाग द्वारा नियमित दो–दो ग्रामों में कैंप लगाकर जीरो प्रॉपर्टी के श्रमिकों एवं अन्य श्रमिकों का पंजीयन तथा फैमिली आईडी बनाने का कार्य किया जा रहा है। और योजनाओं की जानकारी प्रदान की जा रही है।
