जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी, तहसीलदार एवं जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा की गई जांच
कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।जिलाधिकारी ईशा प्रिया के द्वारा दिनांक 11 मई को रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जनपद में संचालित कुल 88 गेहूं क्रय केन्द्रों का उपजिलाधिकारी, तहसीलदार एवं जिला स्तरीय अधिकारियों के माध्यम से भौतिक सत्यापन कराया गया। सत्यापन कार्य निर्धारित चेकलिस्ट के आधार पर किया गया, जिसमें केन्द्र का नाम, केन्द्र प्रभारी का नाम एवं पदनाम, कुल खरीद मात्रा, किसानों को किए गए भुगतान, अवशेष भुगतान की स्थिति, किसानों हेतु उपलब्ध सुविधाएं, गेहूं खरीद के लिए उपलब्ध बारदाने की स्थिति, डिपो में भंडारित गेहूं की मात्रा, ई-पॉस मशीन की कार्यशीलता, रजिस्टरों का अवलोकन तथा औसत दैनिक खरीद आदि की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा केन्द्रों पर गेहूं विक्रय कर चुके किसानों से दूरभाष पर वार्ता कर फीडबैक भी प्राप्त किया गया तथा किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी क्रय केन्द्रों पर किसानों को पारदर्शी एवं सुगम खरीद व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए तथा शासन की मंशानुरूप गेहूं खरीद कार्य समयबद्ध एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाए।
