कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा संरक्षण समिति, जिला पर्यावरण समिति एवं जिला आर्द्र भूमि समिति की संयुक्त बैठक संपन्न हुई। बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी ने अवगत कराया कि शासन द्वारा इस वर्ष जनपद को 37 लाख 530 पौधों के रोपण का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसे 24 विभागों में आवंटित कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि वे आगामी तीन दिवस के भीतर नामित नोडल अधिकारी के नाम सहित विस्तृत कार्ययोजना प्रभागीय वनाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराएं तथा लक्ष्य के अनुरूप स्थलों का चयन करते हुए 31 मई तक गड्ढा खुदाई का कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण करें।
जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को ग्राम्य विकास एवं पंचायती राज विभाग की पृथक समीक्षा कर प्रभावी कार्ययोजना तैयार कराने तथा रोपित पौधों की सुरक्षा हेतु ठोस व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में न्यूनतम दो “मियांवाकी/कपि वन” विकसित करने हेतु उपयुक्त स्थलों का चयन कर विस्तृत योजना तैयार करने तथा वन विभाग को आवश्यकतानुसार पौध उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी 9 मई को भारत रत्न रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती पर सभी ग्राम पंचायतों में “ग्रीन चौपाल” आयोजित कर जनसहभागिता बढ़ाने, वृक्षारोपण के प्रति जागरूकता फैलाने एवं कार्बन फाइनेंसिंग योजना की जानकारी देने के भी निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिला गंगा संरक्षण समिति की समीक्षा में जिलाधिकारी ने तमसा नदी के पुनरुद्धार कार्यों की प्रगति का आकलन करते हुए नगरीय क्षेत्र में कराए जा रहे कार्यों, मनरेगा के अंतर्गत शुष्क एवं जलरहित हिस्सों में हो रहे कार्यों तथा लघु सिंचाई विभाग द्वारा चेकडैम निर्माण हेतु उपयुक्त स्थलों के चयन पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही आर्द्र भूमि एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से चर्चा करते हुए सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला प्रभागीय वनाधिकारी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी अकबरपुर, उपजिलाधिकारी भीटी, जिला विकास अधिकारी, डीसी मनरेगा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
