देवल संवाददाता, मऊ। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव के आदेश तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देश के क्रम में महिला कल्याण विभाग की हब फॉर इंपावरमेंट ऑफ वूमेन टीम द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण,मऊ के तत्वावधान में ग्राम सभा खालिसपुर,विकास खंड रतनपुरा में विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।शिविर का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं आमजन को उनके कानूनी अधिकारों,कर्तव्यों तथा निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामवासियों को महिला अधिकारों,घरेलू हिंसा से संरक्षण,बाल विवाह निषेध,बाल अधिकारों तथा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इसमें मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना,मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना तथा निराश्रित महिला पेंशन योजना सहित अन्य योजनाओं के उद्देश्य एवं पात्रता के बारे में बताया गया। इसके अतिरिक्त आपातकालीन एवं सहायता सेवाओं के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, महिला हेल्पलाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181 आदि नंबरों की जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर इनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम में ग्रामवासियों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या,घरेलू हिंसा अथवा उत्पीड़न की स्थिति में संबंधित विभाग एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से सहायता प्राप्त की जा सकती है। महिलाओं एवं बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर उचित सहायता लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।शिविर में महिला कल्याण विभाग की जिला मिशन समन्वयक अर्चना राय,जेंडर स्पेशलिस्ट तृप्ति राय,ग्राम प्रधान पिंटू राजभर सहित ग्रामवासी उपस्थित रहे।
ग्राम खालिसपुर में विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर आयोजित,महिलाओं को उनके अधिकारों और कल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
अक्टूबर 23, 2026
0
Tags
