भारतीय टीम में इस समय ओपनिंग स्लॉट और विकेटकीपरों को लेकर जमकर कॉम्पटीशन चल रहा है। टी20 टीम में ही देखा जाए तो इस समय दो विकेटकीपर खेल रहे हैं। ये दोनों हैं संजू सैमसन और ईशान किशन। दोनों भारत की वर्ल्ड कप जीत के हीरो रहे। ईशान के साथ अपने कॉम्पटीशन को लेकर संजू ने अब बड़ी बात कही है।
दरअसल, संजू ने एक बात को स्वीकार किया है और कहा कि वह इस बात को कैमरे पर भी बोल सकते हैं। उन्होंने ये बात ईशान किशन के बुरे दौर को लेकर कही है जब वह टीम इंडिया से बाहर चल रहे थे।
ईशान से डर गए थे संजू
संजू ने कहा है कि ईशान ने घरेलू क्रिकेट में जो प्रदर्शन किया था उसे देखकर उन्हें ऐसा लग रहा था कि वह संजू की जगह खाने के लिए ही आ रहे हैं। संजू ने अभिनव मुकुंद के साथ सीएसके के पॉडकास्ट में कहा, "ईमानदारी से कहूं तो ईशान टीम में अचानक आ गए। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार खेल दिखाया और झारखंड के लिए चैंपियनशिप जीती। उनकी शानदार कहानी है।"
उन्होंने कहा, "हम सिर्फ अपनी तरफ ही देखते हैं, सही है? मैंने दिन-रात काफी मेहनत की, लेकिन हाल के दौर में मुझे लगता है कि ईशान ने भी यही काम किया है। बीते दो साल में उनके साथ जो हुआ, वह टीम से बाहर चले गए थे। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में काफी मेहनत की है और टीम में वापसी की है। वह लगातार रन बना रहे थे और मैं ये कैमरे पर बोल सकता हूं कि मुझे लग रहा था कि वह मेरी जगह के लिए आ रहे हैं।"
प्रभावित हुए थे सैमसन
सैमसन ने कहा कि ईशान के प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें लग रहा था कि वह टीम में आने के हकदार हैं। सैमसन ने कहा, "तिरुवनंतपुरम में उन्होंने जो शतक जमाया था उसके बाद मैंने अपने आप से कहा था कि संजू उन्हें टीम में जगह दे दो, ये लड़का मुझसे ज्यादा टीम में जगह का हकदार है। तुमको अपने मौके मिले, लेकिन तुमने रन नहीं किए। कोई है जो रन कर रहा है। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार खेल दिखाया, टीम इंडिया तक पहुंचने के लिए सब कुछ सही किया और फिर शतक जमाया।"
