देवल संवाददाता, लखनऊ।'सोने की खरीद टालें, पेट्रोलियम पदार्थ कम उपयोग करें', पीएम नरेंद्र मोदी की इस अपील पर बसपा सुप्रीमो मायावती ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एक्स पर जारी बयान में कहा कि अमेरिका और इस्राइल द्वारा ईरान के विरुद्ध जारी युद्ध समाप्ति की अनिश्चितता के कारण ऊर्जा संकट व विदेशी मुद्रा भंडार की चिंताओं को देखते हुए प्रधानमंत्री ने देश के लोगों से संयम बरतने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि इससे यह साबित होता है कि भारत के सामने संकट केवल पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस समेत सिर्फ पेट्रोलियम पदार्थों का ही नहीं, बल्कि आर्थिक संकट भी गहराएगा। इससे करोड़ों देशवासियों का जीवन प्रभावित हो रहा है। इसके अभी जारी रहने की भी आशंका है।
बसपा सुप्रीमो ने कहा कि ऐसे समय में जब देश की लगभग 100 करोड़ जनता कोरोना काल के बाद जबरदस्त रोजी-रोटी के संकट की मार झेल रही है। उसके पास संयमित होने व खोने को कुछ खास नहीं बचा है। ऐसी स्थिति में केंद्र एवं राज्य सरकारें गरीब व मेहनतकश परिवारों को राहत देकर उनका सहारा बनें। यही जन व देशहित में उचित होगा।
