इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में अब तक एक टीम ने जीत का खाता नहीं खोला है। 3 बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स इस सीजन अभी भी पहली विजय प्राप्त करने के लिए संघर्ष कर रही है। फ्रेंचाइजी ने 19वें सीजन में 5 मैच खेले हैं और 4 में उन्हें शिकस्त झेलनी पड़ी है। पंजाब किंग्स के खिलाफ कोलकाता का मुकाबला रद हो गया था। ऐसे में दोनों टीमों को 1-1 अंक से संतोष करना पड़ा था।
10वें नंबर पर है केकेआर
प्वाइंट्स टेबल में कोलकाता अभी आखिरी पायदान पर है। ऐसे में केकेआर फैंस के मन में यह सवाल उठने लगा है कि उनकी पसंदीदा फ्रेंचाइजी प्ले-ऑफ में पहुंच पाएगी या नहीं? अगर हां तो इसके लिए केकेआर को क्या तिकड़म बैठानी होगी। आइए इस खबर में अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली टीम के प्ले-ऑफ में पहुंचने का समीकरण समझते हैं।
फूंक-फूंककर रखना होगा कदम
5 में से 4 हार और 1 मैच रद होने के बाद कोलकाता का नेट रन रेट -1.383 है।
लीग के मौजूदा फॉर्मेट (10 टीमें) में प्ले-ऑफ का टिकट कटाने के लिए कम से कम 16 प्वाइंट की दरकार होती है।
ऐसे में टीम को प्ले-ऑफ में 8 जीत दर्ज करनी पड़ती है।
कभी-कभी 14 अंकों के साथ भी टीम अगले राउंड में जगह बना लेती हैं।
2019 में सनराइजर्स हैदराबाद 12 अंक (6 जीत) के साथ क्वालीफाई कर चुकी है। हालांकि, ऐसा एक बार ही हुआ है।
अभी 9 मुकाबले खेलना है
आईपीएल में प्ले-ऑफ में 1 टीम 14 मुकाबले खेलती है। कोलकाता अभी 5 मैच खेल चुकी है और उन्हें 9 मुकाबले अभी खेलने हैं। प्ले-ऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए केकेआर को कम से अगले 7-8 मैच जीतने होंगे। इस कंडीशन में उनके 15 से 17 अंक होंगे।
टीम को कोशिश करनी होगी कि अगर संभव हो तो वह अपने सभी 9 मैच जीतें। एक भी हार कोलकाता का सपना तोड़ सकती है। इतना ही नहीं इस फ्रेंचाइजी को अपने मैच बड़े अंतर से जीतने होंगे, ताकि रन रेट भी सुधारा जा सके।
