आईपीएल 2026 में युवा प्रतिभाओं ने आशा से कहीं बेहतर प्रदर्शन कर सभी को हैरान कर दिया है। आईपीएल 2026 के 29वें मुकाबले में रविवार को पंजाब किंग्स के युवा बल्लेबाल प्रियांश आर्य ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ हुए मुकाबले में तूफानी बल्लेबाजी की। वह बेखौफ बल्लेबाजी के कारण शतक से चूक गए। सेंचुरी की दहलीज पर पहुंच चुके आर्य ने हवाई फायर किया और वह कैच आउट हो गए।
कोनोली ने दिया साथ
प्रियांश ने सिर्फ 37 गेंदों में 93 रन बनाए और पंजाब किंग्स को 254/7 के स्कोर तक पहुंचाया। उन्हें कूपर कोनोली का भरपूर साथ मिला। कोनोली ने 46 गेंदों में 87 रन बनाए। महाराजा यादवेंद्र स्टेडियम में पंजाब किंग्स ने इस सीजन का बेस्ट और अपना दूसरा सर्वाधिक स्कोर बनाया। जवाब में लखनऊ सुपर जायंट्स 200/5 स्कोर कर सकी।
पंजाब का विजयी अभियान जारी
पंजाब किंग्स की यह 5वीं जीत थी। उन्होंने 19वें सीजन में 6 मैच खेले हैं और 1 ड्रॉ हुआ है। 11 अंकों के साथ श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है। जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स को लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा और टीम आठवें स्थान पर खिसक गई।
मैच के हीरो रहे आर्य
प्रियांश आर्य ने अपनी पारी में चार चौके और 9 छक्के जड़े। उन्होंने शुरुआत से ही लखनऊ के गेंदबाजों पर हमला बोला और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए मात्र 19 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। ऐसे में उन्होंने केएल राहुल को पीछे छोड़ते हुए फ्रेंचाइजी के इतिहास में 20 गेंदों से कम में सबसे अधिक फिफ्टी का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। आर्य ने 251.35 के शानदार स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। मनिमारन सिद्धार्थ की गेंद पर मिचेल मार्श ने लॉन्ग-ऑफ पर उनका कैच पकड़ा। आर्य को उनकी विस्फोटक पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
20 से कम गेंदों में फिफ्टी
अब तक आर्य ने 20 गेंदों से कम में तीन अर्धशतक बनाए हैं। इस सीजन उन्होंने लखनऊ के खिलाफ 19 गेंदों में, सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 16 गेंदों में और पिछले सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 19 गेंदों में फिफ्टी लगाई थी। वहीं, राहुल ने 2018 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 14 गेंदों में और 2019 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 19 गेंदों में अर्धशतक बनाया था। आईपीएल इतिहास में पंजाब किंग्स के लिए 20 गेंदों से कम में 50 से अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज।
