आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर स्थित तिलक धारी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में यशस्वी प्राचार्य प्रोफेसर राम आसरे सिंह के नेतृत्व में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की मिशन शक्ति प्रभारी प्रोफेसर माया सिंह ने भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे मिशनशक्ति-5.0 कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं को विभिन्न कार्यक्रमों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी और उन्हें किस प्रकार और कहां से मुसीबत/ आपात स्थिति में सहायता लेनी चाहिए, इसके बारे में विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों को विस्तार से बताया । प्रोफेसर शुभ्रा सिंह ने छात्राओं को विकट से विकट परिस्थितियों में धैर्य के साथ समायोजन बनाए रखने और
अधिकारों के प्रति जानकारी दी। डॉ. राजेंद्र प्रसाद गुप्ता ने छात्राओं को महिला सुरक्षा से संबंधित कानूनों तथा आत्मरक्षा के महत्व के बारे में जानकारी दी। डॉ. प्रतिमा मौर्य ने छात्राओं को स्वावलंबन और स्वाभिमान के साथ जीने के लिए व्यावहारिक उद्धरणों के साथ प्रेरित किया। डॉ. अनीता यादव ने यशस्वी मुख्यमंत्री जी के महिलाओं की सुरक्षा के लिए किए जाने वाले उपायों के बारे में बताया ।इसके साथ ही छात्राओं को आत्मरक्षा के कुछ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिए गए जिससे वे किसी भी आपात स्थिति में अपनी सुरक्षा कर सकें।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो समाज में सकारात्मक बदलाव ला रही है। मिशन शक्ति एक ऐसा अभियान है, जो लड़कियों और महिलाओं की सुरक्षा के लिए चलाया गया हैं। आज के समय में महिलाओं को बहुत सी समस्याओं का सामना करना पड़ता है जैसे भेदभाव, छेड़छाड़ और कभी - कभी हिंसा भी इसलिए मिशन शक्ति का उद्देश्य है कि महिलाओं को आत्म निर्भर बनाया जाएं। इसके अंतर्गत उन्हें हेल्प लाइन नंबर भी दी जाती हैं और उन्हें उनके अधिकार के बारे में जागरूक किया जाता है पर सिर्फ सरकार के प्रयास से सब कुछ परिवर्तन नहीं होगा हम सबको अपनी सोच बदलनी होगी और अपना पूरा सहयोग देना होगा।कार्यक्रम में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपने विचार भी साझा किए। आलिया हसन, कोमल साहू खुशी पांडे, आंचल सोनी
तुबा खान सहित यूजी एवं पीजी स्तर के छात्राओं ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया । कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार मिशन शक्ति प्रभारी प्रोफेसर माया सिंह (मनोविज्ञान विभाग) ने किया।
