देवल संवाददाता, आजमगढ़ पुलिस ने दहेज हत्या के एक मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। उस पर बुलेट मोटरसाइकिल की मांग को लेकर अपनी पत्नी को प्रताड़ित करने और फिर उसकी हत्या कर आत्महत्या का रूप देने का आरोप है।
निजामाबाद थाना क्षेत्र में 4 अप्रैल 2026 को शबनम पत्नी अल्ताफ अहमद ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी साहेबा की शादी 20 नवंबर 2022 को आफताब पुत्र अली अहमद से हुई थी। शादी के बाद ससुराल पक्ष द्वारा कम दहेज का ताना दिया जा रहा था और बुलेट मोटरसाइकिल की मांग की जा रही थी।
शिकायत के अनुसार, 3 अप्रैल 2026 को दोपहर लगभग 2 बजे अभियुक्त आफताब (पति), सादिका (सास), एकलाख (जेठ), असफाक (जेठ) और तब्बू (ननद) ने मिलकर साहेबा की हत्या कर दी। इसके बाद उन्होंने शव को दुपट्टे से लटकाकर आत्महत्या दिखाने की कोशिश की।
इस तहरीर के आधार पर निजामाबाद थाने में मु0अ0सं0 81/2026 धारा 85, 80(2), 352 बीएनएस और 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। क्षेत्राधिकारी सदर श्रीमती आस्था जायसवाल इस मामले की विवेचना कर रही हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देश पर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के अभियान के तहत, 5 अप्रैल 2026 को थानाध्यक्ष हीरेन्द्र प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने फरहाबाद क्षेत्र में घेराबंदी कर अभियुक्त आफताब को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में अभियुक्त ने अपना नाम आफताब अहमद पुत्र अली अहमद, निवासी ग्राम हुसैनाबाद, थाना निजामाबाद, जनपद आजमगढ़, उम्र करीब 28 वर्ष बताया। उसे गिरफ्तारी का कारण बताकर सुबह लगभग 8:50 बजे हिरासत में लिया गया और नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
