देवल संवाददाता, आजमगढ़ के निजामाबाद थाना क्षेत्र में जान से मारने की नीयत से हमला करने के आरोप में पुलिस ने प्रिंस कुमार नामक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 26 मार्च 2026 को हुई थी, जिसमें दो महिलाएं घायल हुई थीं। आरोपी को 5 अप्रैल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
यह मामला 1 अप्रैल 2026 को पूनम पत्नी रामपलट निवासी अनंतपुर, निजामाबाद द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत से जुड़ा है। पूनम ने बताया कि 26 मार्च 2026 को सुबह करीब 10 बजे जब वह अपनी आबादी की भूमि पर ईंट रख रही थीं, तभी प्रिंस कुमार पुत्र राजकिशोर हाथ में लोहे की रॉड लेकर आया और गाली-गलौज करते हुए उन पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया।
शोर सुनकर पूनम की बेटी पायल और भांजी सपना उन्हें बचाने आईं। इस दौरान आरोपी प्रिंस की मां गीता देवी और अन्य परिजन भी मौके पर पहुंच गए और मिलकर हमला किया। हमले में प्रिंस ने पायल के सिर पर रॉड से वार किया, जिससे उसका सिर फट गया। सपना के गाल पर भी वार कर उसे घायल कर दिया गया।
घायल पायल और सपना को 108 एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी थी। इस संबंध में थाना निजामाबाद में मु0अ0सं0 79/26 धारा 109(1), 115(2), 352, 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के अभियान के तहत 5 अप्रैल 2026 को उपनिरीक्षक मयंक कृष्ण उपाध्याय अपनी टीम के साथ वांछित अभियुक्त की तलाश में थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त प्रिंस कुमार ग्राम अनंतपुर और सरायपोही के बीच स्थित एक बगीचे में मौजूद है।
सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और अभियुक्त प्रिंस कुमार पुत्र राजकिशोर (उम्र करीब 23 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी का कारण बताते हुए उसे सुबह करीब 10:45 बजे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
