जनपद में संचारी रोगों के खिलाफ अभियान शुरू, 30 अप्रैल तक चलेगा विशेष जागरूकता एवं दस्तक कार्यक्रम
कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।जनपद में बुधवार को संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान का जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला द्वारा विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन को संचारी रोगों की रोकथाम हेतु जागरूक रहने तथा स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली एवं प्रचार-प्रसार वाहनों को रवाना किया। रैली के माध्यम से जनमानस को संचारी रोगों से बचाव, साफ-सफाई, मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम तथा स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक किया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान दिनांक 01 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक संचालित किया जाएगा, जबकि दस्तक अभियान दिनांक 10 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक चलाया जाएगा। इन अभियानों के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग, नगर निकाय, पंचायती राज, शिक्षा एवं अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से व्यापक स्तर पर गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान घर-घर सर्वेक्षण, साफ-सफाई, जलभराव की समस्या का निराकरण, फॉगिंग, एंटी-लार्वा छिड़काव तथा लोगों को जागरूक करने की गतिविधियों को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें, जल जमाव न होने दें, पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें तथा किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी, नगर निकाय के अधिकारीगण, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में अभियान से जुड़े कार्मिक उपस्थित रहे।
