आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जनपद में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि अब वे पुलिस टीम को ही निशाना बनाने से नहीं चूक रहे। ताजा मामला रामपुर थाना क्षेत्र का है, जहां वाहन चेकिंग के दौरान नकाबपोश बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर सनसनी फैला दी। गनीमत रही कि इस हमले में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर शाम थाना प्रभारी विनोद कुमार अपनी टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक काली स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो वे अचानक बाइक मोड़कर भागने लगे।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उनका पीछा शुरू किया। इसी दौरान बाइक पर पीछे बैठे एक बदमाश ने पुलिस को रोकने के उद्देश्य से अचानक फायरिंग कर दी। गोली चलने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिसकर्मियों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए स्थिति को संभाला।
फायरिंग के बावजूद पुलिस ने बदमाशों का पीछा जारी रखा, लेकिन अंधेरे और सुनसान इलाके का फायदा उठाकर तीनों आरोपी फरार हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
