देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। जनपद में 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसे में एक खलाशी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हाथीनाला थाना में हादसे के बाद लगी आग की चपेट में आकर एक चालक समेत खलाशी की जिंदा जलकर मौत हो गई। चोपन थाना क्षेत्र के मारकुंडी घाटी में हुए हादसे में घायल चालक ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
हांथीनाला थाना क्षेत्र के हथवानी के जंगल में भुतहिया पुलिया के पास ट्रक व हाईवा की भिड़ंत के बाद आग लग गई। इस हादसे में ट्रक का चालक किसी प्रकार से कूद कर अपनी जान बचाने में सफल रहा। लेकिन वहीं, ट्रक का खलाशी व हाइवा चालक वाहन में ही फंसे रहे। हादसे के बाद लगी आग की चपेट में आकर ट्रक खलाशी के साथ हाइवा चालक दीनानाथ यादव की जिंदा जलकर मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोरखपुर
से अमूल का बोतलबंद दूध लेकर ट्रक रायपुर की तरफ जा रहा था। हथवानी जंगल में भुतहिया पुलिया के पास विपरीत दिशा से आ रही हाइवा से हुई टक्कर के बाद दोनों वाहनों में अचानक आग लग गई। इस दौरान ट्रक चालक किसी प्रकार से कूद कर अपनी जान बचा ली, लेकिन ट्रक का खलाशी व हाईवा का चालक घायल होने के कारण वाहन में ही फंसे रहे। देखते ही देखते ट्रक का खलाशी खलीलाबाद सरौनी संत कबीरनगर निवासी बबलू उम्र 21 वर्ष व हाईवा चालक दीनानाथ यादव की जिंदा जलकर मौत हो गई। दूसरी घटना चोपन थाना क्षेत्र के मारकुंडी घाटी की है। यहां मारकुंडी घाटी में डामर लदा टैंकर अनियंत्रित होकर खाई में पलट गयी। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल चालक सुमन सिंह पुत्र शंकर सिंह निवासी गिरिडीह झारखंड की उपचार के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने वस्तु स्थिति का जायजा लिया।
.jpeg)