देवल, ब्यूरो चीफ,बीना, सोनभद्र। एनटीपीसी विंध्यनगर से बीना अनपरा तक हो रहे राख (ऐश) परिवहन ने मुख्य मार्गों की हालत बद से बदतर कर दी है। जगह-जगह सड़कें ध्वस्त होने से
आमजन का आवागमन बाधित हो गया है और रोजाना सफर करना जोखिम भरा साबित हो रहा है। इस मार्ग से सिंगरौली के बैढ़न व विंध्यनगर, शक्तिनगर, बीना व अनपरा तक व्यापारी, श्रमिक, कर्मचारी व अन्य नागरिक प्रतिदिन आवाजाही करते हैं, लेकिन जर्जर सड़कों ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
विंध्यनगर से तेलगांव खड़िया बीना अनपरा तक सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। बड़े-बड़े गड्डों के चलते आएदिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। वहीं तेलगांव से खड़िया मोड़ बीना अनपरा तक हालात इतने खराब हैं कि छोटी गाड़ियों का चलना भी मुश्किल हो गया है। इसका असर रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं मसलन सब्जी, अनाज और राशन की ढुलाई पर भी पड़ रहा है। इधर, एनटीपीसी सिंगरौली परियोजना के तृतीय चरण के निर्माण कार्य के चलते तेलगांव अब पेट्रोल पंप तक मुख्य मार्ग बंद कर दिया गया है। इसके कारण लोगों को सिंपलेक्स कॉलोनी होते हुए बाईपास मार्ग से गुजरना पड़ रहा है। बाईपास की दोनों पटरियों पर अतिक्रमण ने समस्या को और गंभीर बना दिया है, जिससे जाम और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। परियोजना का पक्ष जानने के लिए एनटीपीसी विंध्यनगर के जनसंपर्क अधिकारी संकरण सुब्रमण्यम से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़कों की मरम्मत कराई जाए, राख परिवहन की समुचित व्यवस्था बनाई जाए और यातायात को सुचारू किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
.jpeg)