पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को बिना नाम लिए कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा, 'सभी पड़ोसी ठीक हैं, सिर्फ एक पड़ोसी परेशानी पैदा करता है।
अगर वह फिर से मुसीबत खड़ा करने की कोशिश करेगा तो 'डॉट, डॉट, डॉट'। मंगलवार को बर्लिन में भारतीय समुदाय के एक कार्यक्रम में राजनाथ सिंह ने यह बयान दिया।
राजनाथ सिंह की पाक को चेतावनी
न्यूज एजेंसी ANI के वीडियो में उन्होंने कहा, 'हमने कभी किसी देश पर पहले हमला नहीं किया, लेकिन अगर कोई पड़ोसी परेशानी पैदा करेगा तो (डॉट डॉट डॉट)।'
उन्होंने 'ऑपरेशन सिंदूर' का जिक्र करते हुए कहा कि भारतीय सेना ने पहले ही अपनी ताकत दिखा दी है और अब हमारी सैन्य क्षमता पहले से कहीं ज्यादा मजबूत है।
पहलगाम हमले की पहली बरसी
गौरतलब है कि ठीक एक साल पहले 22 अप्रैल 2025 को पाकिस्तान समर्थित आतंकियों ने कश्मीर के अनंतनाग जिले में पहलगाम की घाटी में परतकों को निशाना साधा था। इस हमले में 26 निर्दोष लोग मारे गए थे।
भारत ने इसके जवाब में 8 मई को 'ऑपरेशन सिंदूर' लॉन्च किया, जिसमें पाकिस्तान में 9 आतंकी लॉन्चपैड्स को नेस्तनाबूद कर दिया गया था। अगले दिन 11 पाकिस्तानी एयरबेस भी निशाने पर लिए गए।
ख्वाजा आसिफ को चुनौती
इसके साथ ही राजनाथ सिंह ने रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि पहले भारत रक्षा उपकरणों का आयातक था, लेकिन अब निर्यातक बन गया है। इस बार लगभग 39,000 करोड़ रुपये के रक्षा सामान निर्यात किए गए हैं।
यह बयान पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के हालिया भड़काऊ बयान के बाद आया है, जिसमें उन्होंने भारत पर 'फॉल्स फ्लैग' ऑपरेशन का आरोप लगाते हुए धमकी भरे शब्द कहे थे।
रक्षा मंत्री का संदेश साफ है- भारत शांतिप्रिय है, लेकिन अपनी सुरक्षा और संप्रभुता के लिए किसी भी चुनौती का मुंहतोड़ जवाब देने को तैयार है। पहलगाम हमले की बरसी पर देश शहीदों को याद कर रहा है और आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर अडिग है।
