अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अभी भी बना हुआ है। इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC ने एक बयान में कहा कि उनकी नौसेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य पार करने की कोशिश कर रहे दो जहाजों को रोका और उन्हें इस्लामिक गणराज्य के क्षेत्रीय जल में ले जाने का निर्देश दिया।
ईरानी नौसेना के रोके गए इन दो जहाजों की पहचान 'MSC-FRANCESCA' और 'EPAMINONDAS' के रूप में की गई है।
IRGC ने होर्मुज में रोके दो जहाज
अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तस्नीम के अनुसार, IRGC नौसेना ने दो जहाजों को जब्त कर लिया है और उन्हें ईरान के तट पर ले गई है। साथ ही यह भी कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में व्यवस्था और सुरक्षा में किसी भी तरह की बाधा उसकी रेड लाइन (अति-संवेदनशील सीमा) है।
IRGC की तरफ से लगातार दावा किया जा रहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में उनका ही कब्जा है। अब ईरानी नौसेना ने दावा किया कि उन्होंने इस जलमार्ग में दो जहाजों पर हमला करके उन्हें होर्मुज पार करने से रोक दिया।
IRGC ने MSC-FRANCESCA के बारे में बताया कि यह इजरायल के जुड़े 'जायोनी शासन' से संबंधित है। वहीं दूसरे जहाज 'EPAMINONDAS' के बारे में बताया कि यह नेविगेशन प्रणालियों के साथ छेड़छाड़ कर रहा था और समुद्री सुरक्षा को खतरे में डाल रहा था।
होर्मुज पार कर रहे ईरानी तेल टैंकर
ईरान की तसनीम न्यूज़ एजेंसी के अनुसार, दो ईरानी तेल टैंकरों ने होर्मुज जलडमरूमध्य को पार कर अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी के बावजूद वैश्विक बाजारों में कच्चा तेल पहुंचाया है।
अलग-अलग ट्रैकिंग डेटा से पता चलता है कि ईरान ने नाकाबंदी शुरू होने के बाद से लगभग 90 लाख बैरल कच्चे तेल का परिवहन करने में कामयाबी हासिल की है, जिसमें मुख्य तौर पर फ्लोटिंग स्टोरेज और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग किया गया है।
