देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। रविवार को हुए एक विरोध प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की तस्वीर पर कालिख पोतने और चप्पल मारने की घटना को लेकर जिले में सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस ने इस घटना को लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीतिक शिष्टाचार के खिलाफ बताते हुए कड़ा विरोध जताया है।
जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पहुंचकर लिखित तहरीर दी और दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की। शिकायत पत्र महिला कांग्रेस की अध्यक्षा ऊषा चौबे के लेटरहेड पर सौंपा गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष रामराज गोंड ने कहा कि इस तरह की ओछी राजनीति को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो 22 अप्रैल को पूरे जिले में विरोध स्वरूप 'शवयात्रा' निकालकर प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने इसे लोकतंत्र और राजनीतिक मर्यादा पर सीधा हमला बताया। जिला उपाध्यक्ष संगीता श्रीवास्तव ने भी घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इस तरह की हरकत समाज में गलत संदेश देती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रदर्शन में कुछ मेडिकल कॉलेज की छात्राएं गणवेश में शामिल थीं, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। इस मौके पर शहर अध्यक्ष हाजी फरीद, प्रदेश सचिव जितेंद्र कुमार पासवान, पिछड़ा प्रकोष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सेतराम केशरी, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष शशांक मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
.jpg)