देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चोपन थाना क्षेत्र में यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर दुर्घटना बाहुल्य स्थानों पर चेतावनी साइनेज बोर्ड लगाए। इस दौरान वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया। क्षेत्राधिकारी यातायात डॉ. चारू द्विवेदी के नेतृत्व में शनिवार को चोपन थाना पुलिस और सीसी टीम ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। अभियान के दौरान प्रभारी निरीक्षक अखिलेश मिश्रा की मौजूदगी में चिन्हित खतरनाक स्थानों पर साइनेज बोर्ड लगाए गए। सीओ ट्रैफिक डॉ. चारू द्विवेदी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना संभावित स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने के साथ-साथ वाहन चालकों को गति सीमा का पालन करने, हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग तथा नशे में वाहन न चलाने के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि जिले के सभी थाना क्षेत्रों में चिन्हित दुर्घटना बाहुल्य स्थलों पर इसी तरह साइनेज बोर्ड लगाए जाएंगे, ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके। यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और स्वयं
के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। इस अवसर पर यातायात प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह, टीएसआई कृष्ण कुमार शुक्ला, उप निरीक्षक अभय नाथ सिंह यादव, भरत राय, हेड कांस्टेबल संतोष यादव, शिव प्रताप यादव, राहुल यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
.jpg)