देवल, ब्यूरो चीफ,अनपरा (सोनभद्र)। अनपरा क्षेत्र में रविवार को भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब शिव मंदिर प्रांगण से श्रीमद् भागवत कथा के शुभारंभ से पूर्व गाजे-बाजे के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच निकली इस यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पीले वस्त्र धारण कर सिर पर कलश रखकर पूरे विधि-विधान से भाग लिया। पूजन कार्य तपेश्वर नाथ पाण्डेय द्वारा संपन्न कराया गया। यजमान संदीप सिंह अपनी धर्म पत्नी के साथ सिर पर श्रीमद् भागवत धारण कर यात्रा में अग्रणी रहे, वहीं महिलाएं उनके पीछे-पीछे श्रद्धा के साथ चलती रहीं। पुरुष और युवा भी भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। मंदिर परिसर से शुरू हुई यह यात्रा रथ पर विराजमान श्रीधाम वृंदावन के कथा वाचक श्याम जी उपाध्याय के सानिध्य में अनपरा कॉलोनी के विभिन्न मागों से होकर पुनः कथा स्थल पर पहुंची। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। आयोजकों के अनुसार, इस कलश यात्रा के साथ ही सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ हो गया है। कथा वाचक श्याम जी उपाध्याय अपनी टीम के साथ प्रतिदिन संध्या समय श्रद्धालुओं को कथा का रसपान कराएंगे। पूरे आयोजन को लेकर अनपरा क्षेत्र में श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में लोग शिव मंदिर अनपरा कॉलोनी प्रांगण पहुंचकर कथा श्रवण कर रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति और श्रद्धा का माहौल व्याप्त है।
