अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर एक बार फिर बेहद सख्त रुख अपनाया है। अपने ताजा बयान में ट्रंप ने कहा कि अब नरमी दिखाने का वक्त खत्म हो चुका है और ईरान की किलिंग मशीन को खत्म करना जरूरी हो गया है। उनके इस बयान से मध्य पूर्व में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
क्या कहा ट्रंप ने?
डोनल्ड ट्रंप ने ईरान पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह क्षेत्र में हिंसा और अस्थिरता फैलाने में भूमिका निभा रहा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब 'मिस्टर नाइस गाइ' बनने का समय नहीं है, ईरान की किलिंग मशीन को रोका जाना चाहिए।
युद्ध जारी
बता दें कि यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच पहले से ही तनाव चरम पर है। हाल के महीनों में मध्य पूर्व में संघर्ष और सैन्य गतिविधियां बढ़ी हैं। अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु कार्यक्रम और क्षेत्रीय प्रभाव को लेकर युद्ध जारी है। होर्मुज जलडमरूमध्य और आसपास के इलाकों में रणनीतिक टकराव भी बढ़ा है।
ईरान की प्रतिक्रिया
ट्रंप के ताजा बयान पर ईरान की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन पहले भी तेहरान ने अमेरिका के आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि वह अपने हितों की रक्षा करेगा।
ट्रंप की चेतावनी
ट्रंप ने कहा, "ईरान ने कल होर्मुज जलडमरूमध्य में गोलियां चलाने का फैसला किया, हमारे युद्धविराम समझौते का पूरी तरह से उल्लंघन! उनमें से कई गोलियां एक फ्रांसीसी जहाज और यूनाइटेड किंगडम के एक मालवाहक जहाज को निशाना बनाकर चलाई गई थीं। यह बिल्कुल भी अच्छा नहीं था, है ना? मेरे प्रतिनिधि इस्लामाबाद, पाकिस्तान जा रहे हैं। वे कल शाम वहां बातचीत के लिए पहुंचेंगे।"
उन्होंने कहा, "ईरान ने हाल ही में घोषणा की कि वे जलडमरूमध्य को बंद कर रहे हैं, जो कि अजीब बात है, क्योंकि हमारी नाकेबंदी ने इसे पहले ही बंद कर दिया है। वे अनजाने में हमारी मदद कर रहे हैं, और इस मार्ग के बंद होने से नुकसान उन्हीं का हो रहा है हर दिन 500 मिलियन डॉलर का! संयुक्त राज्य अमेरिका का इसमें कोई नुकसान नहीं है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि असल में, कई जहाज अभी अमेरिका - टेक्सास, लुइसियाना और अलास्का - की ओर जा रहे हैं ताकि वहां से माल लाद सकें; यह सब IRGC की 'मेहरबानी' से हो रहा है, जो हमेशा खुद को "कठोर आदमी" साबित करने की कोशिश में रहता है!
ईरान-अमेरिका समझौता
उन्होंने कहा, "हम एक बहुत ही निष्पक्ष और उचित समझौता पेश कर रहे हैं, और मुझे उम्मीद है कि वे इसे स्वीकार कर लेंगे, क्योंकि अगर वे ऐसा नहीं करते हैं, तो संयुक्त राज्य अमेरिका। ईरान के हर एक पावर प्लांट और हर एक पुल को पूरी तरह से तबाह कर देगा। अब और 'अच्छा आदमी' बनकर नहीं रहा जाएगा! वे बहुत जल्दी और आसानी से घुटने टेक देंगे।"
ट्रंप ने कहा, "अगर वे इस समझौते को नहीं मानते हैं, तो जो कुछ भी करना ज़रूरी है - जो पिछले 47 सालों से दूसरे राष्ट्रपतियों द्वारा ईरान के साथ किया जाना चाहिए था - उसे करना मेरे लिए गर्व की बात होगी। अब ईरान की इस 'हत्यारी मशीन' (Killing Machine) को खत्म करने का समय आ गया है!"
