आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर।जिले के बदलापुर थाना क्षेत्र के सरोखनपुर के पास NH-731 पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें तेज रफ्तार ट्रेलर और ट्रक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों वाहन तेज गति से आमने-सामने आ रहे थे, तभी अचानक नियंत्रण बिगड़ने से भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और करीब तीन घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। लंबा जाम लगने से राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही बदलापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया, जहां उसका उपचार जारी है। घायल की पहचान इंद्र कुमार के रूप में हुई है, जो ट्रक चालक बताया जा रहा है और सुल्तानपुर जिले के जगदीशपुर का निवासी है।
मृतकों में एक की पहचान रामकरण गुर्जर निवासी जयपुर के रूप में हुई है, जबकि दूसरे मृतक की शिनाख्त अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना के बाद पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सुचारु रूप से बहाल कराया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है, जिसमें तेज रफ्तार और लापरवाही को मुख्य वजह माना जा रहा है।
पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
.jpeg)