पूर्व भारतीय कप्तान और बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली ने मोहम्मद शमी का सपोर्ट करते हुए सेलेक्टर्स से इस अनुभवी तेज गेंदबाज को भारतीय टीम में वापस लाने का आग्रह किया है। कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच होने वाले मैच से पहले कोलकाता में आयोजित एक इवेंट में गांगुली ने शमी की वापसी वकालत की। इसके लिए दादा ने कुछ तर्क भी दिए।
बुमराह के साथ करनी चाहिए बॉलिंग
पूर्व भारतीय कप्तान ने कहा कि अनुभवी गेंदबाज को जसप्रीत बुमराह के साथ नई गेंद शेयर करनी चाहिए। सनराइजर्स हैदराबाद से 10 करोड़ रुपये में लखनऊ सुपर जायंट्स में शामिल हुए शमी ने आईपीएल 2026 में कमाल का प्रदर्शन किया है। 5 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ शमी किफायती रहे थे। उन्होंने चार ओवरों में 9 रन देकर 2 विकेट चटकाए थे।
उन्होंने 24 में से 18 गेंदों पर कोई रन नहीं बनाने दिया था। उन्होंने खतरनाक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड को पारी की शुरुआत में ही आउट कर दिया। इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ उन्होंने पहली ही गेंद पर केएल राहुल को गोल्डन डक पर आउट कर दिया था। इस मैच में शमी ने 28 देकर 1 विकेट अपने नाम किया था।
4 ओवर में 9 रन दिए
गांगुली ने कहा, "उन्हें जसप्रीत बुमराह के साथ गेंदबाजी करनी चाहिए। हम सभी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उनका वो स्पेल देखा, जिसमें उन्होंने दो बेस्ट टी20 खिलाड़ियों ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा के खिलाफ चार ओवर में नौ रन दिए। वो शानदार था।"
8 विकेट चटकाए थे
दादा ने कहा, "बंगाल के लिए रणजी ट्रॉफी में उनका प्रदर्शन शानदार रहा। मुझे वह सेमीफाइनल अभी भी याद है, भले ही बंगाल हार गया, लेकिन उन्होंने आठ विकेट लिए थे। टीम को वहां तक पहुंचाने में उनका अहम योगदान था। मुझे खुशी है कि वह रणजी ट्रॉफी में खेलना जारी रखना चाहते हैं। तेज गेंदबाज के लिए यह मुश्किल होता है, लेकिन मोहम्मद शमी को नई गेंद से गेंदबाजी करते देखना वाकई अद्भुत है।"
मोहम्मद शमी फिट हैं
घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद शमी अभी भी भारतीय टीम से बाहर हैं। गांगुली ने कहा, "वह फिट और चुस्त-दुरुस्त दिखते हैं। लगातार गेंदबाजी करने के बाद, खिलाड़ी अपनी चरम स्थिति में पहुंच जाते हैं। मुझे अब भी लगता है कि उन्हें भारत के लिए खेलना चाहिए। उम्मीद है कि उनका समय फिर आएगा क्योंकि वह इतने अच्छे खिलाड़ी हैं।"
