संतोष,देवल ब्यूरो,आजमगढ़ जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र के बिहार पुर गांव में बीती रात एक बड़ा हादसा हो गया, जब समारू राजभर पुत्र सन्नू राजभर की मिट्टी से बनी बरदौल अचानक भरभराकर गिर गई। इस हादसे में एक कीमती भैंस मलबे में दब गई, जिसे स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।घटना में कुछ बकरियां और उनके बच्चे भी मलबे में दब गए थे, जिन्हें भी ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला गया। हालांकि, इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन पीड़ित परिवार को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
पीड़ित समारू राजभर ने बताया कि वह मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बरदौल गिरने से अब उनका परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गया है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई है।घटना की सूचना अभी तक प्रशासन को नहीं दी गई है और न ही मौके पर कोई राजस्व अधिकारी पहुंचा है। सूचना मिलने पर ग्राम प्रधान मकरंद यादव मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता और रहने की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे इस संकट से उबर सकें।
