देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। जनपद के कोटा ग्राम पंचायत अंतर्गत कोटा खास में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 14 अप्रैल को बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर भव्य संदेश यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा दीपू शर्मा के निवास स्थान से प्रारंभ होकर कोटा
चौराहा, अम्माटोला होते हुए पूर्व निर्धारित स्थान उच्च माध्यमिक विद्यालय डहकूडंडी पहुंची। यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में उत्साह का माहौल देखने को मिला। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और बच्चे शामिल हुए, जिससे आयोजन अत्यंत आकर्षक बन गया। बाबा साहब जयंती का मुख्य कार्यक्रम उच्च माध्यमिक विद्यालय डहकूडंडी में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जल पुरुष रमेश सिंह यादव एवं अखिलेश जिज्ञासु उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि अविनाश कुशवाहा ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का जीवन संघर्ष, समानता और संविधान की शक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक होना चाहिए तथा बाबा साहब के बताए मार्ग पर चलकर ही देश को आगे बढ़ाया जा सकता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता दीपू शर्मा ने की तथा संचालन आतिश चंद्रवंशी द्वारा किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम के संरक्षक संजय अकेला सहित ग्रामवासी केशव गोंड, अनुपम पटेल, कामेश्वर प्रजापति, प्रभुशंकर यादव, कृष्णा शर्मा, रितेश शर्मा, शिवा शर्मा, रवि शर्मा, अजय गोड़, पारसनाथ, कुंदन ठाकुर, राम आधार भारती, लाल बहादुर भारती, सजीवन भारती सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
.jpeg)