लखनऊ सुपरजायंट्स के मालिक संजीव गोयनका की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है। ऐसा इसलिए क्योंकि उन्होंने मैच के बाद अपनी टीम के खिलाड़ी की चोट पर अपडेट ली।
लखनऊ सुपरजायंट्स का सामना रविवार को गुजरात टाइटंस से हुआ। मैच के दौरान लखनऊ के गेंदबाज प्रिंस यादव को शुभमन गिल द्वारा खेले शॉट से हाथ पर चोट लगी। उन्हें तुरंत फिजियो से मदद मिली। चोट के बावजूद प्रिंस यादव ने साहस दिखाया और अपने चार ओवर का कोटा पूरा किया।
मैच के बाद गोयनका खुद प्रिंस के पास गए और उनके हाथ का हाल जाना। सोशल मीडिया पर गोयनका का यह वीडियो वायरल हो गया है और फैंस उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं। बता दें कि जब संजीव गोयनका प्रिंस से मिलने मैदान पर गए, तब वो अनुभवी तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा के साथ बातचीत कर रहे थे।
लखनऊ सुपरजायंट्स के मालिक ने पहले ईशांत को गले लगाकर कुछ बात की और फिर प्रिंस यादव से उनका हाल जाना। इसके बाद वो अन्य लोगों से मिलने के लिए आगे बढ़े। बहरहाल, लखनऊ सुपरजायंट्स को रविवार को मौजूदा सीजन में अपनी दूसरी शिकस्त मिली। गुजरात के हाथों लखनऊ को सात विकेट की शिकस्त मिली।
लखनऊ सुपरजायंट्स ने इकाना स्टेडियम पर पहले बल्लेबाजी करके निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 164 रन बनाए। गुजरात ने 18.4 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया। गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जिन्होंने 28 रन देकर चार विकेट झटके। गुजरात की टीम इस जीत के साथ प्वाइंट्स टेबल में पांचवें नंबर पर पहुंची जबकि लखनऊ छठे स्थान पर रहा।
