देवल संवाददाता, आजमगढ़ जिले के बूढ़नपुर (कोयलसा) नगर पंचायत में अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर परशुराम जयंती के भव्य आयोजन ने पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि संतोष पाण्डेय (जिला मंत्री) ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान परशुराम त्याग, साहस और धर्म की रक्षा के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि समाज को उनके आदर्शों पर चलकर एकजुटता और नैतिकता को मजबूत करना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मंडल अध्यक्ष कोयलसा रुद्र प्रकाश शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे भारतीय संस्कृति के मूल्यों को अपनाएं और समाज के विकास में योगदान दें।
संयोजक भाजपा मंडल अध्यक्ष कोयलसा धर्ममणि पाण्डेय ने कहा कि यह आयोजन केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता और एकता का संदेश देने का माध्यम है। उन्होंने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन आगे भी निरंतर होते रहेंगे।
इस मौके पर उपस्थित हरि प्रसाद दूबे, राघवेंद्र पाण्डेय, अशोक मिश्र, चंद्रशेखर पाण्डेय, दुर्गेश पाण्डेय, शैलेश पाण्डेय, बीरेंद्र सिंह, पियूष पाण्डेय और त्रिपुरारी पाण्डेय सहित अन्य लोगों ने भी भगवान परशुराम के आदर्शों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि हमें उनके जीवन से सीख लेकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाना चाहिए।
पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, श्रद्धा और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिससे यह कार्यक्रम क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।