देवल संवाददाता, मऊ।जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र की अध्यक्षता सीएम डैशबोर्ड पर आधारित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने विशेष रूप से सड़क निर्माण, पेयजल व्यवस्था,विद्युत आपूर्ति, शिक्षा,स्वास्थ्य सेवाओं एवं ग्रामीण विकास से संबंधित कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की। जिलाधिकारी ने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें तथा समस्याओं का त्वरित निस्तारण करें। साथ ही,जनसामान्य से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के भी निर्देश दिए गए। पीएम सूर्य पर मुक्त बिजली योजना में जनपद बी ग्रेड में होने पर जिलाधिकारी ने इसमें सुधार करते हुए इसको ए ग्रेड में लाने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने प्रतिदिन सोलर इंस्टॉलेशन की औसत जानकारी ली एवं लोगों को प्रेरित करते हुए सोलर लगवाने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत यूनियन बैंक एवं स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया में सबसे ज्यादा आवेदन लंबित होने पर जिलाधिकारी ने लीड बैंक मैनेजर को इसका निस्तारण जल्द से जल्द करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान जितने भी आवास अभी अपूर्ण है उसको बनाने के निर्देश संबंधित खंड विकास अधिकारी को दिए। जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा के दौरान जनपद की रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश अधिशासी अभियंता जल निगम को दिए। फैमिली आईडी में जनपद की रैंकिंग खराब होने पर इसमें लगतनापूर्वक कार्य करते हुए इसको ठीक करने के निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिए गए। जिलाधिकारी ने वृद्धा पेंशन,विधवा पेंशन,दिव्यांग पेंशन में जितने भी आवेदन लंबित हैं उसका निस्तारण जल्द से जल्द करने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए। पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद में जितनी भी गौशालाएं हैं वहां पर गर्मी के बचाव हेतु हरा चारा,पानी, छांव सहित अन्य सुविधाएं सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को दिए।बैठक के दौरान जिला विकास अधिकारी,जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी,जिला कार्यक्रम अधिकारी,मुख्य चिकित्सा अधिकारी,लीड बैंक मैनेजर सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
