देवल संवाददाता, आजमगढ़। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के कार्यकर्ताओं में सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पार्टी के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर भारी आक्रोश है। सोमवार को पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष अजमल खान के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए एक ज्ञापन सौंपा। पार्टी पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि हाल ही में खालिद खान नामक एक व्यक्ति के फेसबुक आईडी से AIMIM पार्टी को ‘आतंकी संगठन’ कहकर विवादित पोस्ट साझा की गई। इस टिप्पणी के वायरल होते ही पार्टी कार्यकर्ताओं में रोष फैल गया। विधानसभा अध्यक्ष अजमल खान ने कहा कि AIMIM एक लोकतांत्रिक और चुनाव आयोग द्वारा मान्यता प्राप्त सम्मानित राजनीतिक दल है। फेसबुक पर पार्टी को आतंकी संगठन बताना न केवल निंदनीय है, बल्कि यह हजारों कार्यकर्ताओं की भावनाओं को आहत करने वाला कृत्य है। इस तरह की टिप्पणियां समाज में विद्वेष फैलाती हैं और पार्टी की छवि को धूमिल करने की सोची-समझी साजिश है।पार्टी ने तत्काल मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। ताकि भविष्य में इस तरह की भड़काऊ और अपमानजनक टिप्पणियों पर रोक लगाई जा सके। इस दौरान मोहम्मद तलाहा, अब्दुल्ला, सलमान खान, आसिफ खान, अलाउद्दीन शेख, अकील अहमद, शारिका अहमद आदि उपस्थित रहे।
AIMIM कार्यकर्ताओं ने एसपी से पार्टी को ‘आतंकी संगठन’ बताने वाले पर की कार्रवाई की मांग
अप्रैल 20, 2026
0
Tags
