देवल संवाददाता, मऊ। जनपद की मलीन थारु बस्ती के सर्वांगीण विकास होने तक इसमें निरंतर कार्य किया जाएगा। बस्ती के स्वास्थ्य और शिक्षा की दिशा में उत्तरोत्तर प्रगति की दिशा में बहुआयामी कार्यक्रम किए जाएंगे। आर्थिक रुप से कमजोर इस बस्ती में सबका आयुष्मान कार्ड बनाने के साथ ही सेवा भारती के तत्वावधान में त्रैमासिक शिविर का आयोजन किया जाएगा। प्रसिद्व चिकित्सक सेवा भारती जिलाध्यक्ष डॉ संजय सिंह ने यह उदगार रविवार को थारु बस्ती में व्यक्त किया। सेवा भारती के तत्वावधान में आयोजित निशुल्क चिकित्सा शिविर में वह संबोधित थे।सचिव विवेक कुमार सिंह ने बताया कि सेवा भारती के द्वारा बस्ती के लोगों के जीवन के उन्नयन के लिए कार्य किया जाएगा। जिला कार्यवाह देवेंद्र सिंह ने कहा कि बस्ती की परंपरा को संरक्षित करते हुए इसकी मूलभूत सुविधाओं पर कार्य किया जाएगा। कोशिश प्रमुख पुरुषार्थ सिंह ने सभी आगंतुको का आभार व्यक्त करते हुए बस्ती के विकास के लिए निरंतर आयोजनों पर बल दिया। शिविर में 86 लोगों का ब्लड-प्रेशर,शुगर,हीमोग्लोबिन तथा आंखों की जांच करते हुए निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया।
