आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के पिंडरा गांव में सोमवार रात्रि एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिंडरा गांव निवासी प्रीति गुप्ता (लगभग 28 वर्ष), पत्नी दशरथ गुप्ता, की अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि विवाहिता ने किसी कारणवश विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया था, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। हालांकि इस मामले ने नया मोड़ तब ले लिया जब मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने मौखिक रूप से हत्या की आशंका जताई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
वहीं, इस संबंध में थाना जफराबाद प्रभारी से दूरभाष पर संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि अभी तक मायका पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
