देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। शक्तिनगर परिक्षेत्र में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामले में बीती रात हेलीपैड के पास लगे जियो टावर को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने कीमती कॉपर केबल चोरी कर ली, जिससे इलाके में कई घंटों तक नेटवर्क सेवा बाधित रही। जियो टावर पर कार्यरत टेक्नीशियन सतेस कुमार ने बताया कि चोरों ने टावर का दरवाजा और ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और करीब 30 से 40 मीटर लंबा कॉपर केबल निकाल ले गए। इस घटना के कारण क्षेत्र में लगभग 5 से 6 घंटे तक नेटवर्क पूरी तरह ठप रहा, जिससे उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि शक्तिनगर क्षेत्र में यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई टावरों और अन्य स्थानों को चोर निशाना बना चुके हैं, लेकिन अब तक पुलिस किसी भी घटना का खुलासा करने में सफल नहीं हो पाई है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है। घटना की लिखित शिकायत शक्तिनगर थाने में दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटने की बात कह रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर यदि जल्द अंकुश नहीं लगाया गया तो हालात और बिगड़ सकते हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
.jpeg)