देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। जनपद में पुलिस ने एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए सड़क दुर्घटना के रूप में सामने आई घटना को सुनियोजित हत्या करार दिया है। इस मामले में वांछित शातिर अभियुक्त अभय पाल को थाना घोरावल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार व क्षेत्राधिकारी घोरावल राहुल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुरेठ मोड़ के पास चेकिंग के दौरान शुक्रवार सुबह करीब 9:28 बजे आरोपी को दबोच लिया। पुलिस के अनुसार 8 दिसंबर 2025 को खुटहा बाईपास पर ट्रक की टक्कर से राजेश यादव की मौत हो गई थी। शुरुआत में इसे सड़क हादसा माना गया, लेकिन जांच के दौरान घटनास्थल, भौतिक साक्ष्य और कॉल डिटेल रिकॉर्ड के विश्लेषण से यह मामला हत्या का निकला। जांच में सामने आया कि वर्ष 2023 में अनुराग पाल (9 वर्ष) के अपहरण और हत्या के मामले में राजेश यादव आरोपी था और जमानत पर बाहर था। इसी रंजिश में मंगल पाल ने उसकी हत्या की साजिश रची। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी अभय पाल ने बताया कि मंगल पाल ने साजिश के तहत एक पुरानी ट्रक खरीदी और योजना बनाकर 8 दिसंबर को खुटहा बाईपास पर उसे तैनात किया। जैसे ही राजेश यादव कार से वहां पहुंचा, अभय पाल ने ट्रक से जोरदार टक्कर मार दी और साथी के साथ मौके से फरार हो गया। घटना के खुलासे के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भी तलाश जारी है।
.jpeg)