कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।बुधवार को आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत की भव्य सफलता हेतु सभी न्यायिक अधिकारियों की बैठक ली गई। माननीय जनपद न्यायाधीश द्वारा सभी न्यायिक अधिकारियों को तत्काल सुलह समझौते के आधार पर निस्तारित हो जाने वाले मामलों 138 एन०आई० एक्ट के मामले एवं अन्य छोटे-मोटे आपराधिक मामले जो जुर्म स्वीकृति के आधार पर निस्तारित हो जाये, उन्हे चिन्हित करते हुये उन मामलों में कम से कम दो बार वादकारियों को नोटिस भेजने हेतु निर्देशित किया गया। सभी अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि वह न्यायालयों में वर्षों से लम्बित मुकदमों का अधिक से अधिक निस्तारण कर इस लोक अदालत को अभी तक की सफलतम लोक अदालत बनाने का प्रयास करें। इस प्रकार न्यायालयों पर न केवल लम्बित मामलों का भार कम होगा बल्कि वादकारी भी अपने मुकदमों से खुशी-खुशी छुटकारा पायेंगे।
इस बैठक में समस्त न्यायिक अधिकारीगण के साथ ही भारतेन्दु प्रकाश गुप्ता, अपर जिला जज (त्वरित) द्वितीय/नोडल अधिकारी, राष्ट्रीय लोक अदालत तथा शिखा यादव, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अम्बेडकरनगर भी उपस्थित रहे। शिखा यादव, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अम्बेडकरनगर द्वारा बताया गया कि 9 मई को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत माननीय उच्चतम न्यायालय, माननीय उच्च न्यायालय, जनपद न्यायालय, पारिवारिक न्यायालय, ग्राम न्यायालय के साथ ही साथ समस्त तहसीलों व राजस्व न्यायालयों में भी आयोजित होगी।
इस लोक अदालत में दीवानी वाद, भारतीय उत्तराधिकार अधिनियम, वैवाहिक एवं पारिवारिक वाद, सर्विस मैटर्स, मोटर दुर्घटना अधिनियम, मनरेगा वाद, व्यापार कर वाद, वजन व मापतौल अधिनियम्, वन अधिनियम, उपभोक्ता फोरम वाद. आरबीट्रेशन वाद, आपदा राहत वाद, आयकर वाद, यातायात चालानी वाद, चेक बाउंस से सम्बन्धित धारा 138 एन०आई० एक्ट तथा बैंक रिकवरी, बी०एस०एन०एल, भू राजस्व अधिनियम, विद्युत एवं जल बिलों से सम्बन्धित वाद एवं ऐसे अन्य समस्त वादों का निस्तारण किया जायेगा।
