आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जनपद के मोहिउद्दीनपुर गाँव स्थित समाजवादी कुटिया में रविवार को 6वां स्थापना दिवस बड़े ही उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों, अधिवक्ताओं और राजनीतिज्ञों की उपस्थिति में कुटिया के संस्थापक/संचालक ऋषि यादव एडवोकेट ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए ‘धरतीपुत्र मुलायम सिंह यादव मेमोरियल इंटरनेशनल एकेडमी एंड रिसर्च सेंटर’ की स्थापना का संकल्प लिया।
ऋषि यादव ने अपने संबोधन में बताया कि उन्होंने यह प्रेरणा उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के कठिन समय में समाजवादी कुटिया की शुरुआत एक सेवा भाव के साथ की गई थी, जो आज भी निरंतर जारी है। उन्होंने यह भी कहा कि नए संस्थान के निर्माण में समाज के विभिन्न वर्गों का सहयोग मिलना उनके लिए प्रेरणादायक है और इससे उनका आत्मबल और मजबूत हुआ है।
मल्हनी से विधायक लकी यादव ने इस अवसर पर कहा कि समाजवादी कुटिया द्वारा लिया गया यह संकल्प न केवल जौनपुर बल्कि पूरे पूर्वांचल के लिए शिक्षा के क्षेत्र में एक नई दिशा देगा। वहीं लालगंज विधायक बेचई सरोज ने कहा कि कुटिया परिसर में बनने वाला यह संस्थान भविष्य में जौनपुर को प्रदेश ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान दिलाएगा।
समाजवादी पार्टी के सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सोलंकी ने बताया कि समाजवादी कुटिया कोरोना काल से ही गरीब और जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ ड्रेस, किताबें, कॉपियां, पेंसिल और पौष्टिक आहार जैसे दूध, फल और बिस्किट उपलब्ध कराकर सराहनीय कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान पहलवान अनुभव चौहान को 10 हजार रुपये का चेक देकर सम्मानित किया गया, जबकि कुटिया की होनहार छात्रा अंशिका विश्वकर्मा को साइकिल प्रदान की गई। कुटिया में पढ़ने वाले बच्चों ने बताया कि यहां पर महान नेता मुलायम सिंह यादव सहित देश के महापुरुषों की जयंती और पुण्यतिथि मनाई जाती है तथा उनके विचारों को जीवन में अपनाने का प्रयास किया जाता है।
समाजवादी पार्टी अधिवक्ता सभा के प्रदेश अध्यक्ष सिकंदर यादव ने इस अवसर पर प्रस्तावित संस्थान की सफलता और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य, पूर्व जिलाध्यक्ष लालबहादुर यादव, अवधनाथ पाल, श्यामनारायण बिंद, चंद्रजीत यादव, महावीर यादव, रमापति, डॉ. दिलीप गौतम, अशोक यादव एडवोकेट, सुनील ठेकमा एडवोकेट, दिलीप पाठक, वीर बहादुर सिंह एडवोकेट, बरसातु राम सरोज एडवोकेट, सुहेल अंसारी एडवोकेट, रायसाहब एडवोकेट, बालकृष्ण यादव एडवोकेट, रणबहादुर यादव एडवोकेट, डॉ. हरिनाथ यादव, प्रो. राजबहादुर, प्रो. रमेश, अभिषेक यादव बिट्टू (गाजीपुर), डॉ. अवनीश, डॉ. रघुवंश, डॉ. चंद्रम्बुज कश्यप, नवनीत यादव एडवोकेट, अनिल यादव प्रधान, यादवेन्द्र यादव, अजय यादव (साइकिल यात्री टाडा) समेत सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन समाजहित और शिक्षा के विस्तार के संकल्प के साथ किया गया।
