आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। शहर से सटे ग्रामसभा गोधना में जय सोलंकी सेवा समिति के तत्वाधान में होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता प्रमुख समाजसेवी, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं सोलंकी परिवार के सदस्य ज्ञानप्रकाश सिंह ने की। कार्यक्रम में सोलंकी परिवार के सदस्यों, अभिभावकों एवं युवा साथियों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ज्ञानप्रकाश सिंह ने समाज में एकता और सद्भाव को बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज को मजबूत और विकसित बनाने के लिए एकजुटता और सद्भाव सबसे महत्वपूर्ण आधार हैं। जब समाज एकजुट होता है तो सच्चे अर्थों में प्रगति संभव होती है। एकजुट समाज में सहयोग, विश्वास और भाईचारा बढ़ता है, जिससे समस्याओं का समाधान भी आसान हो जाता है। हमें चाहिए कि हम प्रेम, सहिष्णुता और आपसी समझ को बढ़ावा दें तथा दूसरों की भावनाओं का सम्मान करें। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास, जैसे मिल-जुलकर त्योहार मनाना और जरूरतमंदों की मदद करना, समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।
मुख्य अतिथि के रूप में श्रीप्रकाश सिंह (आईएएस, पूर्व प्रमुख सचिव, नगर विकास, उत्तर प्रदेश सरकार) ने कहा कि एक सशक्त और स्वस्थ समाज का निर्माण तभी संभव है जब उसमें रहने वाले सभी लोग आपसी सौहार्द और सहयोग की भावना को अपनाएं। विविधताओं के बावजूद यदि लोग एक-दूसरे को समझने और स्वीकार करने का प्रयास करें, तो सामाजिक समरसता स्वतः विकसित होती है। उन्होंने कहा कि हमें नफरत और भेदभाव से दूर रहकर समानता, करुणा और सम्मान के मूल्यों को बढ़ावा देना चाहिए। जब समाज एकजुट होता है तो विकास की गति तेज होती है। आपसी संवाद, सहयोग और विश्वास के जरिए हम एक ऐसा वातावरण बना सकते हैं, जहां हर व्यक्ति सुरक्षित और सम्मानित महसूस करे।
इस अवसर पर जनपद के 16 गांवों से आए सोलंकी परिवार के लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान समाज के गौरवशाली व्यक्तित्वों का स्मरण किया गया तथा युवा प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। होली मिलन का आयोजन हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में योगेंद्र नाथ सिंह (सलाहकार समिति अध्यक्ष), वंशलोचन सिंह (संयोजक) एवं जीतेन्द्र प्रताप सिंह (कार्यकारिणी अध्यक्ष) सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे। आयोजन की सफलता का श्रेय सोलंकी राजपूत वंश की कुलदेवी माँ क्षेमंकरी की कृपा, वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन तथा युवा साथियों के समर्पित प्रयास को दिया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में आपसी सद्भाव को मजबूत करना, राष्ट्र के गौरवों का स्मरण करना तथा युवाओं को प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में दीपक सिंह, पंकज सिंह, वेद प्रकाश सिंह 'बेदी', राजन सिंह, सुनील सिंह 'मुन्ना', इन्द्रबहादुर सिंह, सुनील सिंह 'प्रधान', सुशील सिंह (पहलवान), अजय सिंह, इंद्रसेन सिंह, विद्याप्रकाश सिंह, संतोष सिंह, सत्यम सिंह (भोले), विमल सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।
