आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति’ अभियान फेज–5.0 के द्वितीय चरण में जनपद पुलिस द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में महिला पुलिसकर्मियों एवं मिशन शक्ति टीमों ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सक्रिय रूप से भाग लेते हुए आमजन को जागरूक किया।
अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों तथा सार्वजनिक स्थलों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस टीमों ने उन्हें हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090 (वीमेन पावर लाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) और 181 (महिला हेल्पलाइन) की जानकारी देते हुए किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
महिला पुलिसकर्मियों ने छात्राओं और महिलाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें आत्मविश्वास बढ़ाने, साइबर अपराधों से सतर्क रहने और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में चुप न रहने की सलाह दी। साथ ही ‘गुड टच-बैड टच’ जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां भी बालिकाओं को सरल भाषा में समझाई गईं।
इसके अलावा, मिशन शक्ति टीमों ने जनसमूह को महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों, जैसे घरेलू हिंसा अधिनियम और पॉक्सो एक्ट के बारे में भी जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना ही नहीं, बल्कि समाज में महिलाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना भी है।
पुलिस विभाग ने आमजन से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करें और अपने आसपास की महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण देने में सहयोग करें। जनपद पुलिस का यह प्रयास महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
