देवल संवाददाता,बलिया में प्रस्तावित मेडिकल बाईपास कॉरिडोर के निर्माण कार्य को लेकर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने गुरुवार को स्थलीय निरीक्षण किया। यह बाईपास एनएच 31 माल्देपुर मोड़ से हैबतपुर होते हुए जिला महिला अस्पताल तक बनेगा। इस परियोजना की कुल लागत 35.23 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है।
डीएम ने अधिकारियों को मार्ग के चौड़ीकरण और सुंदरीकरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। डीएम ने भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मार्ग की लंबाई और चौड़ाई का सही माप लिया जाए तथा किसानों से संवाद स्थापित कर एलाइनमेंट तय किया जाए।
डीएम ने एक सप्ताह के भीतर प्रभावित किसानों की संख्या, अधिग्रहित होने वाली भूमि और शामिल काश्तकारों से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने को कहा। उन्होंने सीमांकन कार्य जल्द पूरा करने और अतिक्रमण चिन्हित कर लाल निशान लगाने के भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परियोजना में किसी प्रकार की देरी से बचने के लिए सभी आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए। इस बाईपास कॉरिडोर के निर्माण से शहर में यातायात व्यवस्था सुगम होगी और चिकित्सा सेवाओं तक पहुंच बेहतर हो सकेगी।
निरीक्षण के दौरान सीआरओ त्रिभुवन, एसडीएम सदर तिमराज सिंह, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
.jpeg)