ऐसे में कयास लगाए जाने लगे हैं कि ये टीमें ही 19वें सीजन की अंतिम 4 हो सकती हैं। इनमें पिछले सीजन की फाइनलिस्ट पंजाब किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ ही सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स शामिल हैं। पंजाब और आरसीबी की जगह तो लगभग पक्की नजर आ रही है। अन्य 2 स्लॉट के लिए अभी 8 टीमें रेस में बनी हुई हैं।
टॉप पर पंजाब किंग्स
आईपीएल 2025 की रनर-अप पंजाब किंग्स 19वें सीनज में चैंपियन टीम की तरह ही खेल रही है। ऐसे में पंजाब फैंस को पहली ट्रॉफी की आश भी जागी है। मौजूदा सीजन में पंजाब ने 8 मैच खेले हैं और 6 अपने नाम किए। उन्हें 1 मैच में हार मिली और 1 मुकाबला बेनतीजा रहा। 13 अंकों के साथ टीम प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर है। 2-3 जीत श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम को अंतिम-4 में एंट्री दिला सकती हैं।
आरसीबी कर सकती खिताब का बचाव
पिछले सीजन आरसीबी ने जहां खत्म किया था, इस सीजन वहीं से शुरू किया है। रजत पाटीदार की कप्तानी वाली टीम ने आईपीएल 2026 में खेले 8 मैच में से 6 अपने नाम किए हैं। टीम के 12 अंक हैं। अगले 6 मैच में से आरसीबी अगर 2-3 मुकाबले जीतती है तो आसानी से प्लेऑफ में एंटर कर जाएगी।
हैदराबाद के बल्लेबाज बेकाबू
प्वाइंट्स टेबल में मौजूद सनराइजर्स हैदराबाद को काबू करना किसी भी टीम के लिए आसान नहीं है। हैदराबाद 9 में से 6 मुकाबलों पर कब्जा जमा चुकी है और उनके 12 अंक हैं। हैदराबाद का नेट रन रेट +0.832 है। हैदराबाद अपनी बल्लेबाजी से बड़े से बड़े टारगेट को आसानी से चेज कर रही है। दूसरी ओर पैट कमिंस की वापसी से उनकी गेंदबाजी भी मजबूत हुई है।
पहले सीजन की विजेता राजस्थान रॉयल्स ने कमाल का प्रदर्शन किया है। राजस्थान ने भी अब तक 9 मैच खेले हैं और 6 में जीत दर्ज की है। राजस्थान के भी 12 अंक हैं। RR का नेट रन रेट +0.617 है। गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली भी प्लेऑफ की रेस में बनी हुई हैं। इसके अलावा कोलकाता, मुंबई और लखनऊ भी अभी अंतिम-4 में जगह बना सकती हैं। हालांकि, इन टीमों को अपने आने वाले सभी मैच जीतने होंगे।
