भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल मुकाबले में बड़ा कारनामा कर सकते हैं। सूर्या को पूर्व ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर का रिकॉर्ड ध्वस्त करने के लिए बस 6 रनों की जरूरत है। अगर वे फाइनल मैच में 6 रन बना लेते हैं, तो टी20 इंटरनेशनल में रन बनाने के मामले में वॉर्नर को पीछे छोड़ देंगे। इसके अलावा संजू सैमसन के पास भी इतिहास रचने का मौका है।
संजू को पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी की लिस्ट में शामिल होने के लिए बस एक रनों की जरूरत है। इसके अलावा अगर वे फाइनल में अच्छी पारी खेलते हैं, तो जसप्रीत बुमराह और विराट कोहली की खास लिस्ट में शामिल हो सकते हैं। इन दोनों के अलावा ईशान किशन के पास भी विराट के खास क्लब में शामिल होने का मौका है।
सूर्यकुमार यादव तोड़ सकते हैं डेविड वॉर्नर का रिकॉर्ड
सूर्यकुमार यादव ने अपने टी20 करियर में भारत के लिए 112 टी20 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 3272 रन बनाए हैं। इस दरान सूर्या का औसत 36.76 और स्ट्राइक रेट 163.02 का रहा है। उन्होंने 4 शतक के साथ 25 अर्धशतक लगाए हैं। तो वहीं वॉर्नर के नाम पर 3277 रन दर्ज हैं। ऐसे में अगर सूर्या फाइनल मुकाबले में 6 रन बना लेते हैं, तो वॉर्नर को सबसे अधिक रन बनाने के मामले में पीछे छोड़ देंगे।
संजू सैमसन के पास भी मौका
संजू सैमसन अगर फाइनल मुकाबले में 1 रन बना लेते हैं, तो वे धोनी के खास क्लब में शामिल हो जाएंगे। दरअसल, भारत के लिए धोनी इकलौते ऐसे विकेटकीपर बल्लेबाज हैं, जिन्होंने टी20 में 1000 या उससे अधिक रन बनाए हैं। संजू ने अब तक भारत के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर 44 मैचों की 37 पारियों में 999 रन बनाए हैं। ऐसे में अगर वे एक रन बनाने में कामयाब हो जाते हैं, तो धोनी की खास लिस्ट में शामिल हो सकते हैं।
विराट-बुमराह के क्लब में शामिल होने का मौका
संजू अगर फाइनल मुकाबले में अच्छी पारी खेलते हैं और अर्धशतक लगाते हैं, तो वे प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के दावेदार होंगे। संजू ने अब तक टी20 विश्व कप में 4 मैचों में खेलते हुए 232 रन बनाए हैं। अगर संजू को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब मिलता है, तो वे विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह के बाद तीसरे ऐसे खिलाड़ी बनेंगे, जो टी20 वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे हैं। विराट को 2014 और 2016 में ये खिताब मिला था, जबकि बुमराह ने इस अवॉर्ड को 2024 में अपने नाम किया था।
ईशान किशन भी बना सकते हैं रिकॉर्ड
ईशान किशन के पास भी फाइनल में इतिहास रचने का मौका है। किशन ने मौजूदा टी20 विश्व कप में 8 मैचों में खेलते हुए 263 रन बनाए हैं। अगर वे 37 रन फाइनल मैच में बना लेते हैं, तो विराट कोहली के बाद दूसरे ऐसे भारतीय खिलाड़ी होंगे, जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में 300 या उससे अधिक रन बनाए हों। टी20 वर्ल्ड कप के एक एडिशन में अब तक सिर्फ तीन खिलाड़ियों ने 300 के रनों के आंकड़ो को पार किया है। कोहली ने 2014 में 319 रन, तिलकारत्ने दिलशान ने 2009 में 317 रन और साहिबजादा फरहान ने 2026 में 383 रन बनाए हैं।